इंटरनेशनल रिसर्चर्स ने दो लोगों के बीच कम्प्यूटर की मदद से टेलीपैथी (जिसमें एक व्यक्ति की बात दूसरे को बिना बोले, लिखे या इशारा किए पता चल जाती है) को हकीकत में तब्दील कर दिया है। प्रयोग के तहत दो अलग-अलग जगहों पर बैठे दो लोगों के बीच बिना बोले, लिखे या इशारे के कम्युनिकेशन हो गया। प्रोजेक्ट में शामिल एक रिसर्चर को भारत में ब्रेन टू कम्प्यूटर इंटरफेस (बीसीआई) से जोड़ा गया। दूसरी तरफ, फ्रांस में एक अन्य रिसर्चर को कम्प्यूटर टू ब्रेन इंटरफेस (सीबीआई) सिस्टम से जोड़ा गया। इसके बाद भारत में बैठे रिसर्चर ने बिना बोले, लिखे या इशारे के अपने मन की बात फ्रांस में बैठे दूसरे साथी को कामयाबी के साथ बता दिए। इस कामयाबी से भविष्य में बड़े पैमाने पर टेलीपैथी तकनीक से लोगों के जुड़ने का रास्ता साफ होता दिख रहा है।
कैसा करता है सिस्टम काम
संदेश भेजने वाले (सेंडर) के विचार को ब्रेन टू कम्प्यूटर इंटरफेस (बीसीआई) पढ़ता है। उदाहरण के तौर पर संदेश भेजने वाला व्यक्ति अपने मन में हाथ या पैर घुमाने के बारे में सोचता है। पैर घुमाने को कम्प्यूटर की भाषा में बाइनरी 0 और हाथ घुमाने को बाइनरी 1 माना जाए। इन शब्दों को 0 और 1 की सीरीज में इनकोड किया जाता है। इनकोड किए गए शब्दों को इंटरनेट या किसी अन्य माध्यम के जरिए दूसरे व्यक्ति तक पहुंचाया जाता है। रिसीव करने वाला व्यक्ति टीएमएस से जुड़ा हुआ है। टीएमएस इंसानी दिमाग के हिस्सों को न्यूरॉन्स के जरिए जागृत करता है। जब टीएमएस सेंडर की तरफ से भेजे गए कोड 1 को रिसीव करता है तो वह दिमाग के एक हिस्से में फॉस्फीन प्रोड्यूस करता है (यह वही सिद्धांत है, जिसके तहत आंखों से बिना देखे कई बार आप चमक महूसस करते हैं, जैसे जब आप आंखें मलते हैं)। रिसीवर इन फॉस्फींस को अपने विजुअल फील्ड में देखता है। इसके बाद वह संदेशों को डिकोड करता है। फॉस्फीन फ्लैश का मतलब 1, फॉस्फीन फ्लैश नहीं दिखे तो उसका मतलब 0 होगा। इस तरह से रिसीवर मैसेज को डिकोड कर लेगा।
चुनौतियां
दो इंसानों के बीच कम्प्यूटर की मदद से टेलीपैथी कराने में कामयाबी मिलने का दावा किया गया है। लेकिन इस तरह के कम्युनिकेशन के भविष्य को लेकर कई तरह की चुनौतियां कायम हैं। हाल में हुए सफल प्रयोग में संदेश को रिसीव करने वाले व्यक्ति को कम्प्यूटर टू ब्रेन इंटरफेस में इस्तेमाल होने वाले टीएमएस से जुड़ना पड़ा था। टीएमएस एक भारी भरकम सिस्टम है। इसका इस्तेमाल करने के लिए रिसीवर को मशीन के साथ ही बैठना पड़ता है। रिसीवर टीएमएस के साथ घूम-फिरकर मैसेज रिसीव नहीं कर सकता है। जानकारों का मानना है कि अभी हल्की मशीनों के आने में कुछ साल का समय लगेगा और तब यह तकनीक क्रांति की शक्ल ले सकती है।
१ कम्प्यूटर की मदद से कुछ इस तरह से होती है टेलीपैथी।
२ संदेश भेजने वाला शख्स ब्रेन टू कम्प्यूटर इंटरफेस (बीसीआई) की मदद लेता है।
३ संदेश रिसीव करने वाला शख्स कम्प्यूटर टू ब्रेन इंटरफेस (सीबीआई) की मदद लेता है।
आगे की जानकारी के लिए पढ़ते रहिए हमारा ब्लॉग (धन्यवाद )
No comments:
Post a Comment